Tuesday, 10 July 2012

आग का गोला बनी चलती कार, 14 जिंदा जले.........

दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर चलती मारुति वैन एकाएक आग के गोले में तब्दील हो गई और पल भर में इसमें सवार एक ही परिवार के 14 सदस्य जिंदा जल गए, जबकि छह लोग बुरी तरह झुलस गए। ये सभी एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद लोनी लौट रहे थे। थाना पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में आला अफसरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के मुताबिक वैन की गैस किट में रिसाव की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, थाना कैराना क्षेत्र के गांव मन्ना माजरा निवासी जमशेद अपने परिवार सहित लोनी के मुहल्ला इकराम नगर में रहते हैं। सोमवार को जमशेद अपने परिवार के 20 सदस्यों के साथ वैन में कांधला के गांव इस्लामपुर घसौली में भांजी की शादी में भात देने गए थे। शादी के बाद देर शाम जमशेद परिवार के साथ अपने गांव मन्ना माजरा चले गए।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे जमशेद वैन में परिवार के सदस्यों के साथ वापस लोनी जा रहे थे। वैन उनका बेटा गफ्फार चला रहा था। शाम को जब वैन कांधला थानाक्षेत्र में कस्बा एलम के पास पहुंची तो अचानक इसमें आग लग गई। देखते ही देखते वैन आग की लपटों से घिर गई। चीख-पुकार सुन आसपास के लोग वैन में फंसे लोगों को खींचकर बाहर निकालने में जुट गए। खिड़की के पास बैठे जमशेद और उसकी पत्नी अमीना, गफ्फार के दो पुत्र मोहम्मद आकिल और आदिल, रहीम व जब्बार को तो वैन से बाहर निकाल लिया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गाड़ी में आग से बुरी तरह से जल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी अखिलेश कुमार भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को शामली के सरकारी अस्पताल में भिजवाया, जिनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में दो महिलाएं, तीन युवतियां, एक किशोर व आठ बच्चे शामिल हैं। उन्होंने आग का कारण गैसकिट में रिसाव बताया है।

Monday, 9 July 2012

खुशखबरी, यूपी के 60 हजार शिक्षा मित्र बनेंगे शिक्षक..........

उत्तर प्रदेश में दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पहले चरण में दो वर्षीय ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे 60 हजार शिक्षा मित्रों को जुलाई 2013 में शिक्षक बना दिया जाएगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के स्थानांतरण और समायोजन के संबंध में जारी शासनादेश में स्थिति स्पष्ट की है।

प्रदेश में 1.71 लाख शिक्षा मित्र हैं। बसपा सरकार ने स्नातक उत्तीर्ण 1.24 हजार शिक्षा मित्रों को दो वर्षीय ट्रेनिंग देने का निर्णय किया था। इसके आधार पर वर्ष 2011 में 60 हजार शिक्षा मित्रों की प्रशिक्षण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। प्रदेश के प्राइमरी और उच्च प्राइमरी स्कूलों में 2.58 लाख शिक्षकों की कमी है। इसलिए राज्य सरकार इस कमी को शीघ्र समाप्त करना चाहती है।

इसलिए पहले चरण में ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे 60 हजार शिक्षा मित्रों को जुलाई 2013 में समायोजन किए जाने का निर्णय किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के इस निर्णय का उत्तर प्रदेश शिक्षा मित्र संघ के अध्यक्ष गाजी इमाम आला व आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र शाही ने स्वागत किया है। उन्होंने रेग्यूलर स्नातक शिक्षा मित्रों की शीघ्र ट्रेनिंग कराने कराने की मांग की है, ताकि शेष बचने वाले शिक्षा मित्रों को भी समायोजित कर शिक्षक बनाया जा सके।

For More

प्लास्टिक के नोट जारी करेगा रिजर्व बैंक...........


जाली नोटों की समस्या को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को कहा कि वह प्लास्टिक नोट जारी करने पर काम कर रहा है और इसे प्रायोगिक आधार पर जल्द ही जारी किया जाएगा।

रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एच.आर.खान ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'प्लास्टिक नोटों के जाली नोट बनाना बड़ा मुश्किल है। इसलिए हम चार पांच सेंटर्स पर प्रायोगिक तौर पर प्लास्टिक के नोट शुरू करने की योजना बना रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम चल रहा है। इस तरह के नोट जयपुर, शिमला, भुवनेश्वर आदि में जारी किए जा सकते हैं। प्रयोग के तौर पर 10 रुपये के प्लास्टिक नोट जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कागज के नोट छापना जहां महंगा पड़ता है वहीं उनकी सही रहने की अवधि भी कम रहती है। इसके विकल्प के रूप में प्लास्टिक के नोट जारी करने पर विचार किया जा रहा है।

Sunday, 8 July 2012

किंगफिशर की मुंबई और गोवा की जमीनें बिकेंगी............

मुंबई।। किंगफिशर एयरलाइंस को कर्ज देने वाले बैंकों ने गुरुवार को कंपनी की मुंबई और गोवा की 120 करोड़ रुपये की दो परिसंपत्तियां बेचने का संकेत दिया है। इसके लिए 17 बैंकों के कंसोर्टियम ने एचडीएफसी सिक्युरिटीज को इन दो परिसंपत्तियों के मूल्यांकन का जिम्मा सौंपा है। इन बैंकों का किंगफिशर पर 7,500 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है। हालांकि किंगफिशर ने विला की नीलामी की खबरों का खंडन किया है। किंगफिशर के मुताबिक बैंकों ने उनकी एयरलाइंस को ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है।

किंगफिशर जनवरी से कर्ज की किस्तें नहीं चुका पा रही है। उसने कुछ महीने पहले ही मुंबई के 'किंगफिशर हाउस' और गोवा के 'विला' को कर्ज देने वाले बैंकों को बेचने की पेशकश की थी। बैंकरों के मुताबिक, किंगफिशर के अंधेरी स्थिति किंगफिशर हाउस की बाजार कीमत 90 करोड़ रुपये और गोवा के विला की कीमत 30 करोड़ रुपये है।

किंगफिशर के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कर्मचारियों के हमारे नए दफ्तर द क्यूब (मुंबई) में चले जाने के कारण मुंबई का किंगफिशर हाउस खाली है। उसी समय अपने समझौते के मुताबिक हमने अपनी इस परिसंपत्ति को बेचने का प्रस्ताव किया था।

गुरुवार की बैठक में हमने ही इस मामले को उठाया। किंगफिशर ने दावा किया कि बैठक पहले से तय थी और इसमें हमें बैंकों को जानकारी देनी थी। इसमें सुधार प्रक्रिया शुरू करने के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई। बैंकों ने नवंबर 2010 में कंपनी के कर्ज का पुनर्गठन किया था।

Sunday, 1 July 2012

फांसी से बचने के लिए सरबजीत ने कबूला इस्लामः सुरजीत.................

नई दिल्ली।। पाकिस्तान की जेल से 30 साल बाद छूटे सुरजीत सिंह ने खुलासा किया है कि लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद सरबजीत सिंह ने फांसी से बचने के लिए इस्लाम कबूल कर लिया है।

सुरजीत के मुताबिक सरबजीत ने अपना नाम बदलकर सरफराज़ रख लिया है। सुरजीत के मुताबिक फांसी की सजा पाए एक दूसरे भारतीय कैदी कृपाल सिंह भी धर्म बदल चुका है। उसने अपना नाम मोहम्मद दीन रखा है।

शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के इंफर्मेशन सेंटर में रिपोर्टर्स से बात करते हुए सुरजीत ने कहा, 'सरबजीत और कृपाल सिंह ने इस्लाम कबूल कर लिया है। उन्होंने फांसी की सजा माफ होने की उम्मीद में ऐसा किया है। लेकिन उन्हें माफी नहीं दी गई। पाकिस्तान के अधिकारी अपने लोगों को भी माफी नहीं देते हैं। '

उधर, सरबजीत की बहन दलबीर कौर ने सरबजीत के इस्लाम कबूल करने की बात को गलत बताया है। उन्होंने कहा, 'यह सही नहीं है। सरबजीत गुरुसिख हैं और वह गुरुसिख ही रहेंगे। सरबजीत ने जेल में सिख गुरुओं की तस्वीरें और धार्मिक किताबें रखी हुई हैं। वह इन कितानों का रोज पाठ करते हैं।'

दलबीर ने कहा कि जब वह सरबजीत से मिलने पाकिस्तान की जेल में गई थीं, तो वह कृपाल सिंह को मुस्लिम नाम से पुकारा जा रहा था। लेकिन सरबजीत के बारे में यह सच नहीं है। दलबीर के मुताबिक पाकिस्तान के अधिकारी सरबजीत को सरबजीत या फिर मंजीत कहकर बुला रहे थे।

Friday, 29 June 2012

भारत पर हमले के लिए आतंकियों ने किया क्रिकेट का इस्तेमाल..................

नई दिल्ली।। भारत ने पाकिस्तान के साथ रिश्ते सुधारने के लिए क्रिकेट का इस्तेमाल किया, लेकिन बदले में उसे धोखा मिला। पाकिस्तान में मौजूद आतंकियों ने क्रिकेट का इस्तेमाल मुंबई अटैक की तैयारी में किया। यह सनसनीखेज खुलासा मुंबई अटैक को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जिंदाल से किया है।

उससे पूछताछ जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई अहम खुलासे हो रहे हैं। जिंदाल के मुताबिक 26/11 अटैक का मुख्य आरोपी साजिद मीर उर्फ साजिद वाजिद भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच देखने के बहाने भारत आया। वह दो हफ्ते तक भारत में रहा और इस दौरान उसने दिल्ली और मुंबई में कई प्रमुख जगहों की रेकी की।

मीर मुंबई अटैक के एक और मुख्य आरोपी अमेरिकी नागरिक कोलमेल हेडली से एक साल पहले ही लश्कर के अपने साथी के साथ दिल्ली-मुंबई आ चुका था। हेडली 2006 में भारत आया था। सूत्रों के मुताबिक दोनों 2005 में पाकिस्तानी पासपोर्ट पर फर्जी नाम के साथ मोहाली में भारत और पाकिस्तान का मैच देखने के बहाने आए थे।

गौरतलब है कि भारत ने पाकिस्तान के साथ 2005 में क्रिकेट डिप्लोमेसी की शुरुआत की थी। इसके तहत पाकिस्तान के तत्कालीन प्रेजिडेंट परवेज मुशर्रफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में भारत और पाकिस्तान का फाइनल मैच देखने आए थे।

मीर ने सारी जानकारी हेडली को दी। हेडली अगले साल जब भारत आया तो दिल्ली और मुंबई की रेकी करने में उसे यह जानकारी बडे़ काम आई। जिंदाल ने खुलासा किया है कि वह मीर ही था जिसने लश्कर आतंकी जकीउर रहमान लखवी के साथ मिलकर ताजमहल होटेल का नक्शा तैयार किया।

मुंबई पर अटैक करने वाले आतंकी इसी नक्शे की मदद से ताज होटेल के चप्पे-चप्पे से वाकिफ थे। ब्लू प्रिंट में ताज होटेल के बॉल रूम का खासतौर पर जिक्र था। आतंकियों ने यहीं सबसे ज्यादा कहर बरपाया था। यही नहीं मीर ने ताज होटेल का मॉडल बनाकर आतंकियों को खास ट्रेनिंग दी थी।

जिंदाल ने यह भी खुलासा किया है कि हमले के बाद आतंकियों का पाकिस्तान लौटने का प्लान था, लेकिन लखवी ने इसे रद्द कर दिया। उसका तर्क था कि भारत से लौटना नामुमकिन है। वे पकड़े जा सकते हैं, जबकि भारत में उनके छिपने के कई ठिकाने हैं।

आतंकियों के मुंबई रवाना होने से पहले लश्कर के चीफ हाफिज सईद ने सभी आतंकियों को एक भड़काऊ भाषण दिया था। सईद ने आतंकियों से कहा था कि अगर वे मारे गए तो उन्हें जन्नत नसीब होगी जहां 72 कुंवारी लड़कियां उनका इंतजार कर रही होंगी।

Thursday, 28 June 2012

पाक की कैद से 30 साल बाद छूटे सुरजीत...........


नई दिल्ली।। सरबजीत के रिहा न होने के 'दुख' के बीच पाकिस्तान की जेल में उम्रकैद की सजा काटने के बाद भारतीय सुरजीत सिंह गुरुवार सुबह वाघा बॉर्डर से भारत पहुंचे। सरबजीत के रिहा न होने के गम में हर कोई सुरजीत के परिवार की खुशी को भुला बैठा। सुरजीत को गुरुवार सुबह लाहौर की कोट लखपत जेल से रिहा किया गया।

इसके बाद वह पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ वाघा बॉर्डर पहुंचे। उन्हें वहां भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द किया गया। सुरजीत की रिहाई से उनके गांव व परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं सरबजीत का परिवार उनकी रिहाई के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठा है।

हाथों में थी हथकड़ी
सुरजीत जब वाघा सीमा पर पहुंचे तो उनके हाथों में हथकड़ी थी। उनकी हथकड़ी लोहे की एक जंजीर के जरिए पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी की बेल्ट से जुड़ी हुई थी। सफेद कुर्ता-पायजामा पहने और काले रंग की पगड़ी लगाए सुरजीत के साथ उनके दो बैग थे। वह पुलिस की गाड़ी से वाघा पहुंचे। जब वह गाड़ी से उतरे तो उनके हाथों में हथकड़ी थी। वह लाहौर की कोट लखपत जेल से रिहाई के एक घंटे बाद वाघा पहुंच गए थे।

पाकिस्तानी वकील को लगाया गले
सुरजीत ने उन्हें स्वदेश भेजे जाने की सारी औपचारिकताएं पूरी करने से पहले मुस्कुराते हुए अपने पाकिस्तानी वकील को गले लगाया। सुरजीत 30 साल से भी लंबे समय से पाकिस्तानी जेल में कैद थे। उनकी उम्रकैद की सजा 2005 में पूरी हो गई थी।

भारत पहुंचने पर सुरजीत ने कहा कि वह बेहद खुश हैं। वह भारतीय पंजाब की अटारी सीमा में बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे अपने परिवार से मिलने के लिए बेताब हैं। उन्होंने साथ ही पाकिस्तान का भी शुक्रिया अदा किया। सुरजीत ने पंजाबी में बोलते हुए कहा कि पाक जेल में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। साथ ही उन्होंने कहा,'दोनों देशों की जेलों में बंद एक-दूसरे के कैदियों को रिहा किया जाना चाहिए।'

हां, जासूसी करने गया था पाकिस्तान
रिपोर्टरों से बातचीत में सुरजीत ने कहा कि वह पाकिस्तान कभी नहीं जाएंगे। सुरजीत ने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान जासूसी करने गए थे। सुरजीत ने कहा मुझ पर जासूसी का आरोप है। यदि में दोबारा पाकिस्तान गया तो वे समझेंगे कि मैं फिर जासूसी करने आया हूं। यही वजह है कि मैं पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहता।

सरबजीत से हर हफ्ते मिलता था
सुरजीत सिंह ने कहा है कि मौत की सजा का सामना कर रहे सरबजीत सिंह ठीकठाक हैं और उम्मीद जताई कि वे भी जल्दी ही आजाद हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि वह और सरबजीत एक ही जेल में थे और 49 वर्षीय सरबजीत से हर हफ्ते मिलते थे। सुरजीत ने बताया कि वहां उन्हें कोई तकलीफ नहीं है। वह ठीक हैं।

बेनजीर ने बदली थी सुरजीत की सजा
सुरजीत सिंह 30 साल से ज्यादा वक्त से पाकिस्तान की कैद में थे। उन्हें भारतीय सीमा के नजदीक पकड़ा गया था। उस पर जनरल जिया-उल-हक के शासनकाल के दौरान जासूसी करने का आरोप लगाया गया। उन्हें 1989 में फांसी की सजा सुनाई गई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की सिफारिश पर सुरजीत की मौत की सजा उम्रकैद में बदल दी गई थी।